जरुरी सूचना

आप सभी का मंथन पत्रिका के इन्टरनेट संस्करण पर स्वागत है ।

Free Website Templates

Wednesday, November 9, 2022

‘हिंदी ही भारतीय भाषाओं का नेतृत्व कर सकती है’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन

 हिंदी विभाग, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ हिंदी दिवस 2022

दिनांक: 27 सितम्बर 2022

हिंदी विभाग, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ तथा अमर उजाला, मेरठ के द्वारा हिंदी दिवस 2022 के अवसर पर 27 सितम्बर 2022 को ‘हिंदी ही भारतीय भाषाओं का नेतृत्व कर सकती है’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मा॰ कुलपति प्रो॰ संगीता शुक्ला ने की। मुख्य अतिथि प्रो॰ राजीव कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, मेरठ रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि श्री राजेन्द्र सिंह, संपादक, अमर उजाला, मेरठ रहे। अतिथि श्री राहुल चौहान, अमर उजाला, मेरठ रहे तथा कार्यक्रम संयोजक, विश्वविद्यालय के संकायाध्यक्ष कला एवं अध्यक्ष हिंदी विभाग प्रो॰ नवीन चन्द्र लोहनी ने अतिथियों का परिचय कराया एवं बुके प्रदान कर स्वागत किया। 

वाद-विवाद प्रतियोगिता में डॉ॰ सुधाकर आशावादी, वरिष्ठ साहित्यकार, श्री किशन स्वरूप, वरिष्ठ साहित्यकार एवं गजलकार तथा डॉ॰ गजेन्द्र सिंह, सेवानिवृत अध्यक्ष हिंदी विभाग, जनता वैदिक कॉलेज, बडौत निर्णायक के रूप मंे शामिल हुए।

वाद-विवाद प्रतियोगिता में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर मेरठ, आई॰आई॰एम॰टी॰ विश्वविद्यालय, मेरठ, सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ, शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ, वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय, मेरठ, एन॰ए॰एस॰ कॉलेज, मेरठ, आर॰जी॰ कॉलेज, मेरठ, मेरठ कॉलेज, मेरठ, ईस्माईल गर्ल्स डिग्री कॉलेज, मेरठ, कनोहर लाल गर्ल्स डिग्री कॉलेज, मेरठ एवं शहीद मंगल पांडे राजकीय महाविद्यालय, मेरठ के विद्यार्थियों ने प्रतिभागिता की। सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से एक विद्यार्थी ने पक्ष में तथा एक विद्यार्थी ने विपक्ष में प्रतिभागिता की। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए माननीय कुलपति प्रो॰ संगीता शुक्ला ने कहा कि हिंदी भारत के भाव, कर्म और विकास की भाषा है। भारतीय इतिहास और संस्कृति के प्रवाह को हिंदी में ही गतिमान रखा जा सकता है। 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो॰ राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि यह दिन हिंदी उत्सव/महोत्सव का दिन है। हिंदी भाव की भाषा है। हमारी राष्ट्र भाषा है। हिंदी के प्रति हमारी जागरूकता की कमी के कारण ही वह आगे नहीं बढ़ पा रही है। 

अपनी भाषा, अपना वेश, गौरव का देती संदेश।

साथ ही हिंदी भाषा से हमारी पहचान बनती है। हिंदी एक दिन यह सिद्ध करेगी कि वह भारत ही नहीं विश्व की भाषा है। 

डॉ॰ सुधाकर आशावादी ने कहा कि विचारों को व्यक्त करना महत्वपूर्ण है। अपनी बात को सहजता से कहना ही वक्तव्य की विशेषता होती है। व्यक्त्वि बहुत कुछ होता है लेकिन अभिव्यक्ति सब कुछ है। 

श्री किशन स्वरूप ने कहा कि अंग्रेजी उधार की भाषा है। हमें राजकार्याें और व्यवहार में हिंदी को बढ़ावा देना चाहिए। 

डॉ॰ गजेन्द्र सिंह ने कहा कि हिंदी ऐसी मीठी भाषा है जो सारी भाषाओं को एकता के सूत्र में पिरोती है। हिंदी मिट्टी की भीनी सुगन्ध की भाषा है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक हिंदी अपने में सबको समेट कर आगे बढ़ती है। 

श्री राहुल चौहान ने कहा कि मीडिया का केवल खबरों का प्रचार और व्यवसाय नहीं है। बल्कि भाषाई संदर्भों में भाषाई संस्कारों को स्थापित करना भी मीडिया की जिम्मेदारी है। 

श्री राजेन्द्र सिंह ने कहा कि समाज में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है क्योंकि मीडिया आम व्यक्ति को अपने विचारों के माध्यम से दिशा निर्देशित करता है। इसलिए समाज और भाषा दोनों के प्रति मीडिया को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए भाषा संस्कार को संरक्षित करना चाहिए। भारत के लोकतान्त्रिक स्वरूप में यह जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, जिसमें अमर उजाला भरसक प्रयत्नशील है। 

प्रो॰ नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि भारत की सभी भाषाएं मित्र भाषाएं है। प्रत्येक राष्ट्र में बड़ी भाषाएं होती हैं। विश्व के कई देशों में प्रचलित कई भाषाओं में से एक भाषा को आगे बढ़ाया और उन देशों ने प्रत्येक क्षेत्र में विकास किया। चीन और जापान इसके श्रेष्ठ उदाहरण हैं। हिंदी भारत की बड़ी भाषा है। राष्ट्रीय एकता के लिए एक भाषा की आवश्यकता होती है। भारत में राष्ट्रीय एकता की सूत्रधार हिंदी ही हो सकती है।  

प्रतियोगिता में निम्नानुसार विद्यार्थियों ने स्थान एवं नगद पुरस्कार प्राप्त किया।

पक्ष में

प्रथम खिरत जहाँ जैदी, मेरठ कॉलेज, मेरठ

द्वितीय राखी काम्बोज, आर॰ जी॰ कॉलेज, मेरठ

तृतीय निकुंज कुमार, हिंदी विभाग, चौ॰ चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ

सांत्वना अनुपम भारद्वाज, ईस्माईल गर्ल्स डिग्री कॉलेज, मेरठ

सांत्वना राशि जैन, कनोहर लाल गर्ल्स डिग्री कॉलेज, मेरठ

विपक्ष में

प्रथम               रूकय्या, ईस्माईल गर्ल्स डिग्री कॉलेज, मेरठ

द्वितीय          आरती कसाना, कनोहर लाल गर्ल्स डिग्री कॉलेज, मेरठ

तृतीय             अवंतिका गौतम, इतिहास विभाग, चौ॰ चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ

सांत्वना          मौ॰ हमजा, आई॰आई॰एम॰टी॰ विश्वविद्यालय, मेरठ

सांत्वना          कु॰ सोनी चौहान, शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला महाविद्यालय, मेरठ

कार्यक्रम के प्रारम्भ में  हिंदी विभाग की छात्रा अपूर्वा एवं शिवानी पांचाल ने सरस्वती वंदना की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ॰ प्रवीण कटारिया, हिंदी विभाग ने किया। 

आयोजन सचिव डॉ॰ यज्ञेश कुमार ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों, अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। 

इस अवसर पर डॉ॰ जमाल अहमद सिद्दीकी, डॉ॰ विवेक त्यागी, डॉ॰ अंजू, डॉ॰ आरती राणा, डॉ॰ विद्यासागर सिंह, मोहनी कुमार, विनय कुमार, पूजा यादव, प्रियांश, अंजली पाल शिवानी, राधा, प्रियंका कुशवाह, प्रिंसी, शौर्य, निकुंज कुमार, अजय, आकाश, उपस्थित रहे।





















No comments:

Post a Comment

आप सभी का मंथन विचार पत्रिका के इन्टरनेट संस्करण में स्वागत है..

"कैमरे के फ़ोकस में - मंथन पत्रिका और विभागीय गतिविधियाँ " को ब्लॉग के बायीं ओर लिंक सूची में देखें .......